नियंत्रण रेखा पर झंगड़ और कलाल सेक्टर के जंगलों में भीषण आग धधक रही है। सीमा पार से फैली आग ने तीन दिन में भारी तबाही मचाई है। वन संपदा और जंगली जीवों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
सेना और वन विभाग ने आग को बुझाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण आग को काबू पाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार झंगड़ सेक्टर के सेर, मकड़ी और कडाली इलाके के जंगलों में आग तेजी से चारों ओर फैल रही है। कलाल सेक्टर के बाबा खौड़ी और कनारा गांव वन विभाग के कपार्टमेंट नंबर 62 के जंगल भी आग में जल रहे हैं।
वन विभाग के नौशेरा डिवीजन के डीएफओ अर्शदीप सिंह ने बताया कि नियंत्रण रेखा से सटे जंगलों में भयानक आग लगी है। आग को बुझाने के लिए सेना अपने संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। सेना की अनुमति के बाद वन विभाग की टीम को आग बुझाने के लिए भेजा गया है।