आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर अबू दुजाना एक बार फिर फरार हो गया है। इस बार उसने सेना और आतंकियों के बीच जारी मुठभेड़ का फायदा उठाया और मौका पाकर निकल गया। ये मुठभेड़ सेना और लश्कर के आतंकियों के बीच मंगलवार रात पुलवामा में हुई थी। इस बीच सेना ने तीन आतंकियों को धर-दबोचा, लेकिन अबू सेना को चकमा देने में कामयाब रहा।
चौंका देने वाली बात है कि वो एक नहीं दो नहीं, पांचवी बार सेना को चकमा देकर भाग निकला है। पुलिस ने गाड़ी सीज कर जांच शुरू कर दी है। आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि इलाके में आतंकियों की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। इसके आधार पर सेना और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) द्वारा नाका लगाया गया था।
एसएसपी पुलवामा रईस मोहम्मद भट ने बताया कि एक गाड़ी नाके से पहले रुकी और उसमें सवार कुछ संदिग्ध सुरक्षाबलों को देखकर फरार हो गए। जब तक पुलिस वहां पहुंचती तब तक वे भाग चुके थे, लेकिन उस गाड़ी को सीज कर लिया गया है। इस मामले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार गाड़ी में लश्कर का मोस्ट वांटेड कमांडर अबू दूजाना सवार था। भागते समय उसका मोबाइल गाड़ी में ही रह गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी लश्कर का यह कमांडर सुरक्षाबलों को तीन बार चकमा देने में कामयाब रहा है। लश्कर के पूर्व कमांडर अबू कासिम की अक्टूबर 2015 में मुठभेड़ में हुई मौत के बाद दुजाना ने लश्कर की घाटी में कमान संभाल रखी है। इस पर 15 लाख का इनाम भी है।