कठुआ/हीरानगर। हीरानगर के सांझीमोड़ इलाके में युवाओं ने यातायात विभाग के खिलाफ गलत चालान काटे जाने पर जोरदार प्रदर्शन किया है। युवाओं ने जमकर नारेबाजी कर यातायात खिलाफ सांझीमोड़ स्थित मार्ग पर जाम लगाकर यातायात को बंद रखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवाओं को समझा कर सड़क से हटाया और यातायात को सुचारू बनाया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि डीटीआई कठुआ ने गलत तरीके से बाइक का 18 हजार रुपये का चालान काट दिया है, जबकि बाइक घर पर खड़ी थी। उनका कहना है कि इसी नंबर से एक और बाइक चल रही है। इसकी शिकायत पुलिस, आरटीओ लखनपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक में संज्ञान में भी ला चुके हैं। उनका आरोप है कि जब उन्होंने गलत चालान की शिकायत डीटीआई से की तो उन्होंने धमकाते हुए कहा कि उसे चालान भरना ही होगा। बाइक के मालिक अरुण सैनी ने बताया कि ट्रैफिककर्मी कहते हैं कि हम चालान कम कर देते और हेलमेट का डाल देते हैं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में संज्ञान लिया जाए और दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।