कठुआ। शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों की शिकायतों के निवारण के लिए शुरू किए गए सिग्मा पोर्टल को लेकर मंगलवार को राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के तहत कॉलेज परिसर के विभिन्न स्थानों जैसे सभी शैक्षणिक ब्लॉकों के नोटिस बोर्ड, पुस्तकालय और बाहरी परिसर में पोर्टल से संबंधित जानकारी और उपयोग की विधि से जुड़े पंपलेट प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. बिंती शर्मा द्वारा एक विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की गई, जिसमें छात्रों को सिग्मा पोर्टल के लाभ, पंजीकरण प्रक्रिया और लॉगिन की विधि से परिचित कराया गया। छात्रों ने पोर्टल का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में 40 से अधिक छात्रों ने भाग लिया।
यह आयोजन हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. सपना देवी द्वारा किया गया। प्राचार्य प्रो. संगीता सूदन ने बताया कि सिग्मा(छात्रों के लिए एकीकृत शिकायत और संदेश अनुप्रयोग) एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जिसे छात्रों को गोपनीय रूप से अपनी अकादमिक या संस्थागत समस्याओं को विभागीय स्तर पर शीघ्र समाधान के लिए दर्ज करने के लिए विकसित किया गया है। यह पोर्टल छात्रों को केंद्रित सूचनाओं, शैक्षणिक अवसरों और राष्ट्रीय स्तर की योजनाओं की जानकारी समय पर प्रदान करने के लिए एक समर्पित संचार माध्यम के रूप में भी कार्य करता है।