कठुआ। सांसद खेल स्पर्धा के तहत कीड़ियां गंडयाल में अंतर पंचायत ब्लॉक स्तरीय खेल का आयोजन किया गया। अंडर-17 आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए आयोजित प्रतियोगिता के दौरान कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबाल, एथलेटिक्स के मुकाबले करवाए गए।
मिडिल स्कूल कुठलैड़ में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन डीडीसी डॉ श्वेता ने किया। जोनल खेल अधिकारी प्रदीप सिंह और फील्ड स्टाफ की निगरानी में हुए वॉलीबाल और कबड्डी में कुल 132 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, कुश्ती और एथलेटिक्स में 47 प्रतिभागी शामिल रहे। प्रतियोगिता के तहत होने वाले लड़कों के वॉलीबाल मुकाबले में पंचायत कीड़िया ने हटली को हराकर जीत हासिल की। वहीं लड़कियों के वॉलीबाल मुकाबले में पंचायत होट ने पंचायत करडोह को हराया। लड़कियों का कबड्डी मुकाबला भी पंचायत कररोह ने पंचायत जगतपुर को हराकर अपने नाम कर लिया। लड़कों के कबड्डी मुकाबला पंचायत कीड़िया गंडयाल ने पंचायत धन्ना को हराकर अपने नाम किया। 100 मीटर रेस में खनियारा के अजय सिंह, 200 मीटर रेस में खनियारा के सुरजीत सिंह, 400 मीटर रेस में खनियारा के दीपक सिंह विजेता बने। लंबी कूद में पंचायत करडोह के अंश, शॉटपुट में कीड़िया पंचायत के नीफ अली, कुश्ती में पंचायत जगतपुर के शाह अली ने जीत अपने नाम की है। इस मौके पर सदस्य पंचायत सुखदेव सिंह, निशु पठानिया, मिडिल स्कूल की मुख्य अध्यापिका दीप माला सहित कई अन्य गणमान्य मौजूद रहे।