बिलावर। शनिवार को देर रात उप जिला अस्पताल में पहुंचे बनी के विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह का क्षेत्र में युवाओं ने जमकर विरोध किया। युवाओं ने जहां धक्का-मुक्की की, वहीं विधायक का आरोप है कि उनके वाहन को भी क्षति पहुंची है। उन्होंने एसडीपीओ को मामला दर्ज करने के लिए कहा है।
दरअसल शाम से ही लोहाई मल्हार में तीन नागरिकों की हत्या मामले में प्रदर्शन कर रहे हिंदू संगठनों के सदस्यों ने बनी विधायक पर ओवर ग्राउंड वर्करों और आतंकियों का समर्थन करने के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद देर रात विधायक बनी उपजिला अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने बताया कि दस से बारह अज्ञात लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और इसके बाद वाहन को भी क्षति पहुंचाई। इस दौरान एक पीएसओ और चालक ही उनके साथ मौजूद थे।