बिलावर। कस्बे के लोगों को अब बिलावर में ओपन जिम की सुविधा मिलेगी। नगर कमेटी की ओर से ओपन जिम बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
इनडोर स्टेडियम और नाज खेल मैदान के पास बनाई जा रही ओपन जिम पर सरकार की ओर से 5.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर कमेटी के कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि ओपन जिम का कार्य पूरा होने में चार दिन का और समय लग जाएगा।
नाज खेल मैदान में सुबह और शाम के समय टहलने वाले लोगों को ओपन जिम का सबसे ज्यादा फायदा होगा। आधुनिक व्यायाम उपकरणों से लैस जिम को सरकार की ओर से जल्द लोगों के सुपुर्द किया जाएगा। राहुल, अंकित, परवीन और नितिन ने बताया कि स्थानीय युवा सरकार से पिछले कई वर्षों से कस्बे में ओपन जिम बनाने की मांग कर रहे थे जिसे सरकार ने पूरा कर दिया है।