जराई चौक के पास तीसरे दिन कीचड़ को साफ करने में जुटी नगर परिषद की जेसीबीसंवाद
बिलावर। उपमंडल में मंगलवार को एक हफ्ते बाद तेज धूप खिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली है। लगातार क्षेत्र बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया था। इससे उपमंडल की 90 फीसदी से अधिक सड़कों पर मलबा गिरने और भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित है। इसके कारण लोगों को परेशान होना पड़ा।
मंगलवार को तेज धूप खिलने के बाद लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की ओर से अलग-अलग सड़कों पर यातायात बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया। अधिशासी अभियंता जमीर हुसैन ने बताया कि पहाड़ी लिंक मार्गो पर यातायात बहाल करने के लिए मौसम का लगातार साफ रहना जरूरी है। सड़कों पर यातायात बहाल करने के लिए मशीनें लगा दी गई हैं और आने वाले अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहा तो ज्यादातर लिंक मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
रविवार देर रात 12 बजे भीनी नाले में आई भयंकर बाढ़ से 33 केवी बिजली लाइन के कई पोल पानी के तेज बहाव में बह गए थे। इसके कारण उपमंडल के ज्यादातर इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। बिजली विभाग ने मंगलवार रात 12:15 बजे लगभग 24 घंटे बाद बहाल कर दिया है। बिजली सप्लाई बहाल होने के बाद इलाके की 100000 से अधिक आबादी ने राहत की सांस ली। बग्गन के दूरदराज इलाकों में बिजली ढांचे को पहुंचे नुकसान के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बग्गन ब्लॉक की लोअर बग्गन पंचायत में बिजली सप्लाई को बहाल कर दिया गया है। ब्लॉक की अन्य छह पंचायतों में क्षतिग्रस्त हुए बिजली के ढांचे को ठीक करने के लिए बिजली विभाग की टीम काम कर रही हैं। विभाग का प्रयास है कि मंगलवार शाम तक पूरे ब्लॉक में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।