कठुआ। भीषण गर्मी के बीच लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पारा पिछले तीन दिनों से लगातार जहां 44 डिग्री के पार रहा है, वहीं मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कठुआ में आने वाले दिनों में भी भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। 28 मई तक लू के थपेड़ों के बीच भीषण गर्मी का दौर जारी रहने वाला है। पारे में लगातार उछाल का असर बिजली ढांचे पर भी पड़ रहा है।
चनग्रां फीडर पर लगातार जहां अघोषित कटौती हो रही है, वहीं शहर के शिवानगर में ट्रांसफार्मर की केबल जलने से रातभर बिजली गुल रही। सुबह घोषित कटौती के बीच लोगों के लिए गर्मी ने आग में घी का काम किया। शहर के अधिकतर फीडरों पर ओवरलोडिंग के चलते वोल्टेज में उतार चढ़ाव का सिलसिला भी बढ़ गया है। रविवार को भी शहर के कई हिस्सों में अघोषित कटौती से लोग परेशान रहे।
उधर, रविवार को शहर की सड़कों पर विरानी छाई रही। भीषण गर्मी से बचने के लिए लोगों ने ड्रीमलैंड पार्क का रुख किया। राहत की डुबकी लगाने पहुंचे लोगों से शहर का यह हिस्सा रौनक से भरा रहा। कृषि विज्ञान केंद्र कठुआ के प्रमुख डॉ. विशाल महाजन ने बताया कि 28 मई तक प्रचंड गर्मी जारी रहने की संभावना है।