जिले के मैदानी इलाकों में जहां अंगार बरस रहे हैं, वहीं पहाड़ी इलाकों में मौसम सुहावना है, जहां पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। ढग्गर, बदनोता समेत मछेडी में इन दिनों रौनक देखने को मिल रही है।
कठुआ के मैदानी इलाकों में मंगलवार को जहां पारा 40 के पार रहा है, वहीं बनी सब डिवीजन के दूरदराज इलाकों में स्थानीय पर्यटक सुहाने मौसम का जमकर आनंद ले रहे हैं। यहां दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक ही दर्ज किया जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान में ऐसी गिरावट है कि बारिश के बाद लोग जैकेट, स्वेटर का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं।
तीस जून तक जहां सरथल रूट बनी के नजदीक पुल क्षतिग्रस्त होने से ठप हो गया है, वहीं पर्यटक इस बार ढग्गर की वादियों का रूख कर रहे हैं। कुंडार, धरोग समेत सरोला में पर्यटक बड़ी-बड़ी चरागाहों में परिवार के साथ समय व्यतीत करते नजर आ रहे हैं। इन इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट के बाद सर्दी का एहसास होने लगता है।
बादलों की लुकाछिपी के बीच पर्यटकों की आमद से स्थानीय लोग भी खुश नजर आ रहे हैं। सड़क संपर्क तैयार होने के बाद अब पर्यटकों की ओर से यहां सुविधाएं विकसित किए जाने की भी मांग की गई है।