जिले के अधिकांश हिस्सों में पिछले तीन दिन से चिलचिलाती गर्मी के बाद शनिवार दोपहर बाद से राहत देखने को मिली है। दोपहर तक कठुआ के मैदानी इलाके जहां भीषण गर्मी से तप रहे थे वहीं बनी, मल्हार के हिस्सो में जहां दोपहर से ही हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर बाद कई इलाकों में तेज बारिश के साथ साथ भारी ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।
उधर, मैदानी इलाकों में ठंडी हवा चलने से तापमान में गिरावट आई है। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बाद पहाड़ी इलाकेेे में हुई बारिश के बाद से ही गिरावट दिखानी शुरू हो गई। वहीं शाम होते होते कठुआ शहर के आसमान में बादलों ने अपना डेरा जमाना शुरू कर दिया। इस दौरान तेज हवाओं के साथ रह-रह कर चमक रही बिजली मौसम को खुशनुमा बना रही थी। वहीं अंधेरा होने के साथ हुई हल्की बारिश से तापमान काफी कम हो गया है, जिससे भीषण गर्मी से बेहाल लोगों ने राहत की सांस ली है।