कठुआ। गर्मी बढ़ने के साथ शहर के विभिन्न मोहल्लों में पेयजल संकट गहराने लगा है। मंगलवार को शहर के पटेलनगर वासियों ने उनके मोहल्ले में अनियमित हो रही पेयजल आपूर्ति का मुद्दा जलशक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता गिरधारी लाल गुप्ता के समक्ष रखते हुए समाधान की मांग की। वहीं वार्ड तीन के लोगों ने उनके मोहल्ले में पिछले डेढ़ साल से हो रही दूषित पेयजल आपूर्ति को ठीक किए जाने की मांग की।
पेयजल समस्या लेकर कार्यकारी अभियंता के कार्यालय पहुंचे पटेलनगर वासियों का नेतृत्व कर रहे अनिल भारद्वाज ने कहा कि उनके मोहल्ले का अपना ट्यूबवेल होने के बाद भी उन्हें तीन से चार दिन बाद पानी मिल रहा है। वहीं जलापूर्ति का कोई समय निर्धारित नहीं है। इससे मोहल्ले के सैकड़ों परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे खास बात यह है कि यह अव्यवस्था डीसी आफिस के सामने बनी हुई है। इस पर संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। वहीं, शिष्टमंडल में शामिल जाट राम शर्मा ने कहा कि तीन चार दिन के बाद जलापूर्ति होने से कई बार लोगों के घरों में पानी खत्म हो जाता है। उन्होंने मोहल्ले में प्रतिदिन आपूर्ति दिए जाने की मांग करते हुए हुए कहा कि भले ही उनके मोहल्ले में आधा घंटा ही पानी आए लेकिन वह प्रतिदिन आना चाहिए।
इसी तरह वार्ड तीन से आए लोगों में शामिल रीता देवी ने बताया कि उनके मोहल्ले में करीब डेढ़ साल से दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसकी कई बार शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। मजबूरन लोगों को पीने के लिए पानी ट्यूबवेल से लाना पड़ता है। वार्ड तीन के लोगों का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता रजत खुल्लर ने कहा कि पानी को लेकर पूरे शहर में लोग परेशान हैं लेकिन विभाग लोगों की समस्या का समाधान कर पाने में पूरी तरह से असफल साबित हो रहा है। आज उन्होंने वार्ड तीन के लोगों की समस्या का कार्यकारी अभियंता के समक्ष रखा है। उन्होंने समस्या का समाधान करने का आश्वासन भी दिया है। अब वे विभाग की कार्रवाई को देखेंगे। अगर लोगों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अगली रणनीति तय की जाएगी।