बिलावर। शनिवार को कस्बे के मुख्य बाजार के दुकानदारों का गुस्सा प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा। दरअसल शुक्रवार की रात को हुई मूसलाधार बारिश से मुख्य बाजार में पानी का बहाव इतना तेज हो की मुख्य बाजार नाले में तब्दील हो गया। इसकी वजह से मुख्य बाजार में 30 से अधिक दुकानों में पानी भर गया और दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
शनिवार सुबह 11 बजे सभी दुकानदार एकत्रित हुए और कस्बे के काली माता मंदिर के बाहर दुकानदारों ने नगर कमेटी और बिलावर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दुकानदारों ने बिलावर सुकराला सड़क पर प्रदर्शन किया इस दौरान बिलावर सुकराला सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
दुकानदारों ने आरोप लगाया के नगर कमेटी की ओर से पानी की निकासी के लिए काली माता मंदिर के पास बनाई गई नाली बहुत छोटी है। उन्होंने कहा कि ज्यादा पानी आने की वजह से नाली में पानी की निकासी नहीं होने के कारण सारा पानी मुख्य बाजार की तरफ रुख कर गया। इसके कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। दुकानदारों ने यह भी कहा कि पिछले वर्ष बरसात के मौसम में भी लगभग 20 दुकानों के भीतर बारिश का पानी चला गया था।
प्रशासन की ओर से आश्वासन मिला था कि पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। जानकारी मिलते ही एडीसी बिलावर विनय खोसला मौके पर पहुंचे और कार्यकारी अधिकारी बिलावर को पानी की निकासी के सुनिश्चित प्रबंध करने के आदेश दिए और मौके पर ही पानी की निकासी के प्रबंध करने का काम शुरू कर दिया गया।