कठुआ। कठुआ जिले के छह विधानसभा हलकों में एक अक्तूबर को तीसरे चरण का मतदान होगा। इसके लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में शांतिपूर्वक और निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए 100 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कंपनियां तैनात की गई हैं।
भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर हाईवे और पहाड़ी इलाकों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। संगीनों के साए में होने जा रही मतदान प्रक्रिया से पहले पूरे जिले में हाई अलर्ट है। जिले के विभिन्न रूट पर आने जाने वाले वाहनों की जहां कड़ी जांच की जा रही हैं, वहीं लोगों को यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि वे बिना किसी भय के मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अपना फर्ज निभा सकते हैं। कठुआ जिले के विभिन्न विधानसभा हलकों से पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, सेवानिवृत्त नौकरशाह समेत 35 उम्मीदवारों की साख दांव पर है। जिले में बनी विधानसभा क्षेत्र से आठ, बिलावर से चार, बसोहली विधानसभा क्षेत्र से चार, जसरोटा से सात, हीरानगर विधानसभा क्षेत्र से छह और कठुआ अनुसूचित विधानसभा क्षेत्र से पांच उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जिला पुलिस प्रमुख शोभित सक्सेना ने बताया कि पुलिस के इंतजाम पुख्ता हैं। सौ से ज्यादा सीएपीएफ कंपनियां जिले में आई हैं और स्थानीय स्टाफ भी तैनात है। उन्होंने बताया कि बीते दिनों एक आतंकवादी को मार गिराया लेकिन एक हेड कांस्टेबल भी बलिदान हुए हैं। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सफल रहा है। उन्होंने बताया कि कठुआ जिला संभाग का बड़ा और महत्वपूर्ण जिला है। बनी और बिलावर में हाल ही में कुछ घटनाएं हुई हैं लेकिन सेना, पुलिस और सीएपीएफ अलर्ट हैं। ऐसा कुछ भी नहीं होने दिया जाएगा, जिससे चुनाव प्रभावित हो। एसएसपी ने मतदाताओं से अपील की कि बड़ी संख्या में आइए और अपने अधिकार का प्रयोग करें।
..........
कठुआ। सोमवार को जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों का दौर जारी रहा। सुबह राजकीय डिग्री कॉलेज, बनी से 94 मतदान दल रवाना किए गए।
बिलावर विधानसभा क्षेत्र के लिए राजकीय डिग्री कॉलेज बिलावर से 130 मतदान दल रवाना किए गए। बसोहली के पोलिंग स्टेशनों के लिए सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल बसोहली से कुल 107 मतदान दल रवाना किए गए। इसी तरह, जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के लिए 132 मतदान दल और कठुआ (एससी) विधानसभा क्षेत्र के लिए 131 मतदान दल राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ से रवाना किए गए। हीरानगर विधानसभा क्षेत्र के लिए गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल डिग्री कॉलेज हीरानगर से 110 मतदान दलों को रवाना किया गया। जिला चुनाव अधिकारी डॉ. राकेश मिन्हास ने लोगों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर आएं और बिना किसी डर के अपना वोट डालें। उन्हाेंने भरोसा दिलाया कि जिले के हर हिस्से में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।