वॉलीबॉल एसोसिएशन के सहयोग से जेके स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से गुडा मुंडिया हाई स्कूल के मैदान में शुरू की गई वॉलीबॉल प्रीमियर लीग के मैच बुधवार को तीसरे दिन भी खेले गए। बुधवार के मैच में वॉलीबॉल क्लब गुडा मुंडिया ने शक्तिपुंज क्लब हीरानगर को 3-1 से, राइजिंग स्टार हीरानगर ने अप्पर मेला को 3-0 से और लोअर मेला की टीम ने वॉलीबॉल क्लब कूटा को 3-1 से हरा दिया।
तीसरे दिन के मैच में गुडा मुंडिया की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत की हैट्रिक बना ली। इस पर गणमान्य लोगों और दर्शकों ने तालियां बजाकर टीम के खिलाड़ियों की हौसला आफजाई की। मैच देखने के लिए क्षेत्र के लोगों के अलावा दूरदराज इलाकों से भी लोग पहुंचे थे। स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रबंधक इकबाल सिंह, वॉलीबॉल एसोसिएशन कठुआ के अध्यक्ष मदनलाल तूफान, सचिव मोहिंदर शर्मा, कोच मदनलाल, कमलकांत पंतु, नेकराम, शक्तिपुंज क्लब के अध्यक्ष राजेश गोस्वामी आदि ने भी मैचों का आनंद उठाया।