मंडुवाडीह, इंद्रपुर और शिवपुर इलाके में पानी की किल्लत
- फोटो : demo
गर्मी में जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है, वैसे-वैसे पेयजल समस्या भी विकराल होती जा रही है। आए दिन लोग अपनी समस्या को लेकर पीएचई विभाग के कार्यालय पहुंच रहे हैं। बुधवार को वेस्ट बरवाल पंचायत के लोगों ने एक बैठक कर पेयजल समस्या पर रोष जताया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों को सरकार पीने के लिए पानी भी नहीं मुहैया करवा सकती तो उसे पीएचई विभाग को बंद कर देना चाहिए।
बैठक में शामिल रिंटा जसरोटिया, विजय सिंह, अरुण सिंह ने कहा कि करीब एक महीने से पूरी पंचायत में पीने के पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पेयजल सप्लाई सुचारु नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतें पेश आ रही है। पानी के लिए लोगों को दरबदर होना पड़ रहा है। इतना ही नहीं लोग पैसे खर्च कर निजी तौर पर पानी के टैंकर मंगवाने को मजबूर हो रहे है।
उन्होंने कहा कि पानी के लिए लोग प्राकृतिक स्रोतों पर निर्भर हैं, लेकिन अब वे भी धीरे-धीरे सूखते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पानी लोगों की बुनियादी जरूरत है अगर विभाग लोगों को पीने के लिए पानी भी नहीं मुहैया करवा सकता तो फिर विभाग का क्या काम। लोगों ने बताया कि इस बारे में कई बार विभाग को शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक समस्या का कोई स्थायी हल नही हुआ है।
लोगों ने प्रशासन व विभाग को आड़े हाथ लेते हुआ कहा कि जल्द से जल्द पानी मुहैया करवाया जाए नहीं तो वह सड़को पर उतर चक्क ा जाम कर देंगे। इस मौके पर अन्य लोग भी मौजूद रहे।