कठुआ। जिले में विघ्नहर्ता के दस दिनों तक चलने वाले पूजन के पर्व गणेश महोत्सव का आगाज हो गया है। इस दौरान शहर में जगह-जगह सजाए पडालों में सुबह से भगवान श्री गणेश का पूजन प्रारंभ हुआ और विधिविधान से पूजन के बाद उनकी स्थापना की गई। गणेश चतुर्थी के दिन शहर के पुराने गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान सहित वार्ड-5, 7 काली माता मंदिर, कृष्णा कॉलोनी, पटेल नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर और औद्योगिक क्षेत्र में गणपति बप्पा की मूर्तियां स्थापित की गई हैं।
शहर के पुराने गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान स्थित पंडाल में श्री गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पुरोहितों के मार्गदर्शन में गणपति का अभिषेक, हवन, सहस्त्रनाम अराधना की। इसके बाद प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस मौके पर पंडाल में मौजूद भक्तों ने भगवान का जयघोष करते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। वहीं, ट्रस्ट के दिवाकर शर्मा ने कहा कि बप्पा ने एक बार फिर भक्तों को उनका पूजन का मौका दिया है, जिससे सभी में उत्साह है।