बनी सब डिवीजन में प्रशासन की ओर से दी गई लॉकडाउन में ढील के समय में अब वही दुकानदार दुकान खोल सकेंगे जिन्होंने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया होगा। यही नहीं उनके पास काम करने वाले कामगारों के लिए भी यह आदेश जारी किया गया है। एसडीएम बनी की ओर से जारी आदेश में 31 मई से इस व्यवस्था पर अमल शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। इससे पहले स्थानीय प्रशासन की ओर से 45 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों का वेतन जारी तभी करने के आदेश दिए गए थे, जब उन्होंने वैक्सीन लगवाई हो।
दरअसल बनी सब डिवीजन में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया काफी धीमी है। पिछले पंद्रह दिनों में जहां आधा दर्जन के लगभग मौत क्षेत्र में कोरोना से हो चुकी हैं वहीं संक्रमण के भी लगातार मामले सामने आ रहे हैं। दूरदराज ग्रामीण इलाकों में लोग टीकाकरण के लिए भी आगे नहीं आ रहे हैं। जिसके बाद बुधवार को डीसी कठुआ ने भी क्षेत्र में पहुंचकर जहां जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी वहीं लोगों से टीकाकरण करवाने के संबंध में अपील भी की थी।