जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग और हटली कठुआ मार्ग पर हुए दो विभिन्न सड़क हादसों में दो महिलाएं घायल हो गई। दोनों महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। यहां से एक महिला को होश न आने की सूरत में जीएमसी जम्मू रेफर करना पड़ा।
दूसरी महिला का उपचार चल रहा है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया है और अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पहला हादसा जम्मू-पठानकोट हाईवे पर हटली मोड़ के समीप हुआ, जहां मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली पांचो बाई जो वर्तमान में सांबा सिडको में काम करती हैं, को पंजाब रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी।
पांचो बाई उस समय हटली मोड़ के समीप हाईवे के डिवाइडर में लगे पौधों को पानी दे रही थीं। चालक बस समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पांचो बाई को जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाया। दूसरा हादसा न्यू बस स्टैंड के पास हुआ। जहां हीरानगर की रहने वाली 45 वर्षीय नीलम रानी बस से उतरने के चक्कर में बस से नीचे गिर गई।
स्थानीय लोगों द्वारा उसे जिला अस्पताल में लाया गया। लेकिन काफी देर उसे होश नहीं आया। डाक्टरों के लाख प्रयास के बाद भी जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। बस चालक के साथ बात कर मामला सुलझा लिया गया। वहीं दूसरे हादसे का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।