नहर में नहाने को लेकर हुआ झगड़ा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के ड्रीमलैंड पार्क में एक बार फिर मारपीट और पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। नहर में नहाने को लेकर दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामला शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्रीमलैंड पार्क के पास बहने वाली नहर में नहाने को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान वहां खड़े कई वाहनों को भी नुकसान हुआ लेकिन गनीमत रही कि इस पत्थरबाजी में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
ड्रीमलैंड पार्क में गर्मी से राहत पाने के लिए आने वाले लोगों ने वहां की सुरक्षा को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि पार्क में लड़ाई की वारदात लगातार बढ़ रही है लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों का कहना है कि पार्क में लोगों का इतनी भीड़ होती है, लेकिन पुलिस नहीं होती है। पुलिस गश्त की कमी के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं, जिससे आए दिन विवाद और झगड़े की घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ड्रीमलैंड पार्क और नहर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।