श्री अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण में अभी तेजी नहीं आ पाई है। चार दिन देरी से शुरू हुए पंजीकरण के दूसरे दिन केवल दो लोगों ने यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया। अब तक कुल आठ लोग यात्रा के लिए जिले से पंजीकरण करवाने पहुंचे हैं।
पीएनबी में बनाए गए पंजीकरण केंद्र पर शनिवार को केवल दो लोग पंजीकरण करवाने के लिए आए। बैंक के शाखा प्रबंधक आरके अरोड़ा ने बताया कि पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन चार लोगों की कमी आई है। पहले दिन छह लोगाें ने पंजीकरण करवाया था।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए औपचारिकताएं पूरी करने में लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। इसलिए लोगों को पंजीकरण करवाने के लिए आवश्यक जानकारी भी मुहैया करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में संख्या में इजाफा होने की संभावना है। बताते चलें कि जिला में पंजीकरण 29 फरवरी के बजाए चार मार्च से शुरू हुआ था।
गौरतलब है कि पहले फार्म नहीं पहुंचे के कारण दो दिन की देरी हुई थी और उसके बाद गलत पार्सल पहुंचने के कारण दो ओर दिन का समय लग गया था। इस कारण 29 फरवरी से शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया जिला में चार मार्च से शुरू हो पाई।