बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने नहर का पानी और मोटर पंपों के सहारे धान की रोपाई का काम शुरू कर दिया है। दियालाचक सब डिवीजन के किसानों ने बिना बारिश के ही धान और मक्की की बिजाई शुरू कर दी है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में अभी बारिश का इंतजार किया जा रहा है।
किसान तरसेम लाल, महेंद्र लाल, काकू राम, रोड़ा राम आदि ने बताया कि उनका इलाका दियालाचक सब डिविजन के सर्किल नंबर चार में आता है। बारिश हो नहीं रही है। इसलिए नहर का पानी और मोटर पंप के सहारे ही किसानों ने खरीफ की फसल लगाना शुरू कर दिया है।
उन्होंने बताया कि ऊपरी इलाकों में खेती बारिश के पानी पर निर्भर है। यदि समय पर बारिश हो जाए, तो किसानों को खेती से अच्छा लाभ मिल सकता है। सूखा पड़ने की स्थिति में बीज और खाद की कीमत निकालना भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि इस सीजन में अभी इतनी बारिश नहीं हुई है कि सभी किसान फसल लगा सकें। जिन किसानों के पास नहरों के पानी की सुविधा या फिर मोटर पंप हैं, वह ही इस समय खरीफ की फसल लगा रहे हैं।
बाकी के लिए बारिश का इंतजार ही विकल्प है। किसानों ने उम्मीद जताते हुए कहा कि मौसम का मिजाज फिलहाल गर्म ही है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही बारिश आएगी और बचे हुए इलाकों में भी धान और मक्की की बिजाई शुरू होगी। गौरतलब है कि बनी तहसील में मक्की की बिजाई हो चुकी है।