खास खबर का लोगो लगाएं..
- 19 जुलाई 2023 को नाले में बाढ़ आने के कारण धंस गए थे चार पिलर, नए पुल पर लग रहे जाम से मिलेगी राहत
अरुण खजूरिया
हीरानगर। डेढ़ साल पहले बरसात के दौरान बाढ़ के कारण धंसे तरनाह नाला पुल पर इसी सप्ताह वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे नए पुल पर दोनों तरफ से यातायात सुचारु हो जाएगा और जाम से लोगों को निजात मिलेगी।
19 जुलाई 2023 को बरसात के दौरान पुल के चार पिलर धंसने के कारण जम्मू-पठानकोट राजमार्ग का संपर्क टूट गया था। इसके बाद हाईवे पर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों को चड़वाल से और जम्मू से दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों को लौंडी मोड़ से ओल्ड सांबा-कठुआ सड़क पर परिवर्तित किया गया। इस वजह से लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पुल धंसने के करीब छह महीने तक लोगों को दो किलोमीटर का रास्ता 25 किलोमीटर में तय करना पड़ा।
हाईवे अथॉरिटी की ओर से नाले में अस्थायी वैकल्पिक मार्ग भी बनाए गए। छह माह बाद यहां बनाया जा रहा नया पुल तैयार हुआ जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। लेकिन हाईवे का यातायात इस पुल पर दोनों तरफ से शुरू करने से लोग लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। अब इस समस्या का समाधान कुछ ही दिनों में हो जाएगा। पुराने पुल की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है।
इस पर अब वजन सहने की क्षमता की जांच चल रही है। यह पूरी होते ही इसी सप्ताह यह पुल राजमार्ग पर चलने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। हालांकि लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि डेढ़ वर्ष पहले धंसे चार पिलर की मरम्मत में इतना समय लग गया। वहीं, पुराने पुल से फिर से वाहनों का आवागमन शुरू होने से इस सड़क के किनारे के बाजार में मौजूद दुकानों और ढाबों पर फिर से रौनक देखने को मिलेगी।
-
कोट...
पुराने पुल की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। वजन क्षमता की जांच के लिए इस पर भारी भरकम डंपरों को खड़ा किया गया है। यह प्रक्रिया तीन दिन चलेगी। यह खत्म होते ही हाईवे पर चलने वाले सभी वाहनों की आवाजाही के लिए इसी सप्ताह पुल को खोल दिया जाएगा।
- शुभम, साइट इंजीनियर, राजमार्ग प्राधिकरण।