- बिना ढके निर्माण सामग्री ले जाने वाले टिप्परों का किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पुलिस और यातायात विभाग की कार्रवाई जारी है। वीरवार को पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए, जहां बिना दस्तावेज और ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। इस दौरान 40 वाहनों के चालान काटे गए। जबकि दस्तावेजों के अभाव में चार दोपहिया वाहनों को जब्त कर लिया गया।
दिन भर चली इस कार्रवाई में जिला पुलिस के साथ यातायात पुलिस ने हाईवे पर दयाला चक, राजबाग और कठुआ शहर के कालीबड़ी चौक व परशुराम जी चौक पर अलग-अलग नाके लगाकर कार्रवाई की। इस दौरान भारी वाहनों के साथ दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। डंपरों के अलावा स्कूल बसों, दोपहिया वाहनों के अलावा नो-पार्किंग जोन में खड़ी कारों का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने चालान करते हुए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों से 10 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया।
बिना ढके निर्माण सामग्री ले जाने वाले टिप्परों का चालान
कार्रवाई के दौरान भारी भरकम वाहनों पर नियमों का उल्लंघन किए जाने पर कुल 12 मामलों में चालान किए गए। इसमें तीन डंपरों को बिना तिरपाल से ढके निर्माण सामग्री ले जाने, पांच को प्रेशर हार्न का उपयोग करने पर, दो को हाई सिक्योरिटी नंबर का प्लेट न होने और दो वाहनों का ओवरलोडिंग करने पर चालान किया गया।
स्कूल बसों में भी मिले क्षमता से ज्यादा विद्यार्थी
कार्रवाई के दौरान नौनिहालों को लेकर जाने वाली स्कूल बसों में भी ओवरलोडिंग पाई गई। इस पर यातायात पुलिस ने पांच चालान किए हैं। क्योंकि इनमें सीटों की क्षमता से ज्यादा विद्यार्थी मौजूद थे जिनमें कई बच्चे तो बस में खड़े दिखाई दिए। वहीं, एक सामान्य यात्री बस को स्कूल बस की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। जिसमें पूरी तरह प्रतिबंधित बस के कैबिन में भी विद्यार्थियों को ठूंसा गया था।
सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई करती है। जो आगे भी इसी तरह से जारी रहेगी। लिहाजा लोग ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए यातायात नियमों के पालन को अपनी आदत बनाएं।
कपिल मन्हास, डीटीआई कठुआ।