संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। यातायात पुलिस रूरल जम्मू ने कठुआ जिले में स्टंट ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एसएसपी ट्रैफिक रूरल जम्मू जीएल शर्मा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर कपिल मनहास (डीटीआई कठुआ) और उनकी टीम ने चार मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त किया।
यह कार्रवाई उस समय की गई जब सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइकों को चलाया जा रहा था। इसे लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे स्टंट न केवल वाहन चालकों बल्कि आम राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते हैं, इसलिए आने वाले दिनों में यह अभियान और सख्ती से जारी रहेगा। इसके अतिरिक्त, ट्रैफिक पुलिस ने यात्री वाहनों की भी विशेष जांच की जो ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, वैध दस्तावेजों या फिटनेस के बिना चल रहे थे। जनता से विशेष रूप से युवाओं से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सड़कें सभी के लिए सुरक्षित बन सकें।