- अचानक सेब से भरा ट्रक हाईवे के बीचोबीच हुआ खराब, आवागमन ठप हो गया
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जारी निर्माण कार्य आए दिन लोगों के लिए मुसीबत का कारण बनता जा रहा है। मंगलवार सुबह शहर के हटली मोड इलाके में हाईवे के बीचो-बीच एक सेब से भरा ट्रक खराब हो गया। इससे हाईवे की एक ट्यूब पर आवागमन ठप हो गया।
सुबह करीब आठ बजे जाम लगने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने जैसे-तैसे खराब हुए ट्रक को वहां से हटाया और वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए प्रयास शुरू किए। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस, अर्धसैनिक बल और सेना के जवान भी वहां वाहनों को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करते हुए दिखाई दिए। इसके बाद करीब 10 बजे तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे की सुस्त निर्माण गति उनके लिए रोज मुसीबत का कारण बनती है। कभी कोई वाहन खराब हो जाता है तो कभी कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है। जिसका मुख्य कारण यह जारी फ्लाईओवर निर्माण कार्य है, जो पिछले 6 महीने से बंद पड़ा हुआ है और इसकी ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हालत क्या है कि हजारों वाहनों के आने जाने के लिए सर्विस लेन से जो व्यवस्था की गई है, वह भी अब जवाब देने लगी है।
हटली मोड़ जैसे प्रमुख स्थान पर ठप पड़ा निर्माण कार्य न केवल लोगों के लिए परेशानी का सबक बन रहा है, बल्कि इससे यहां के दुकानदार परेशान हैं। आधा अधूरा निर्माण होने के कारण जब भी यहां से कोई वाहन गुजरता है तो जिस तरह धूल-मिट्टी उड़ती है, वह परेशानी का कारण बनती है। वहीं यहां लगने वाला जाम भी आम हो गया है। आज भी दो घंटे तक जाम लग रहा, जिससे लोग परेशान रहे।
गणेश दत्त शर्मा, स्थानीय दुकानदार।
विकास के नाम पर राजमार्ग पर शुरू किया गया निर्माण कार्य पूरी तरह से बिना किसी पूर्व योजना के ही चलाया जा रहा है। आम लोग परेशान हैं। आज भी सुबह के समय हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया। न तो स्कूल जाने वाले बच्चे और न ही सरकारी कर्मचारी अपने कार्यालय तक समय से पहुंच सके। आए दिन होने वाली इस परेशानी का समाधान करने के लिए न तो हाईवे अथॉरिटी की तरफ से कोई कदम उठाए जा रहा है और न ही प्रशासन गंभीर दिखाई देता है।
डॉ.अवतार कृष्ण, सामाजिक कार्यकर्ता