मढ़ीन ब्लॉक के हरिया चक में बनकर तैयार हुआ पंचायत घर। स्रोत संबंधित विभाग
-चार कमरों की इमारत और एक शौचालय पर आई 18 लाख 50 हजार की लागत
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे ब्लॉक मढ़ीन के हरिया चक में पंचायत घर बनकर तैयार हो गया है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत बने इस पंचायत घर से न केवल लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि ग्रामीण विकास को भी संजीवनी मिलेगी।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चार कमरों की इमारत और एक शौचालय परिसर 18 लाख 50 हजार की लागत से बनाया गया है। इसके निर्माण की सिफारिश स्थानीय पंचायत सदस्यों द्वारा बीते वर्ष के शुरूआत में संबंधित ब्लॉक अधिकारी से की गई थी। क्योंकि पंचायत में बनी पहली इमारत लोगों के लिए असुरक्षित हो गई थी। नया पंचायत घर बनाने को लेकर ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक को लिखा गया था। इसकी मंजूरी मिलने के बाद बीते वर्ष अक्तूबर में इसका नींव पत्थर रखा गया। जिसको बनने में पूरा एक साल लगा। अब यह इमारत बन कर तैयार हो चुकी है। जल्द ही इसका उद्घाटन कर पंचायत घर को रोजमर्रा के कार्य के खोल दिया जाएगा।
बता दें कि पंचायत घर की इमारत के निर्माण के लिए ग्रामीण विकास विभाग की ओर से 30 लाख की राशि उपलब्ध करवाई गई थी लेकिन टेंडर के माध्यम से इस इमारत का निर्माण सिर्फ 18 लाख 50 हजार की राशि से पूरा करवाया गया है। वहीं, सूत्रों की मानें तो विधानसभा चुनाव को लेकर लगी आदर्श आचार संहिता के चलते ठेकेदार को पूरा भुगतान नहीं किया गया है। हालांकि 16 लाख से ज्यादा का भुगतान हो चुका है और बाकी बचा हुआ भुगतान जल्द ही संबंधित विभाग की ओर से किया जाएगा।
कोट ... -
पंचायत अधिकारियों से सुनने में आया है कि पंचायत घर बनकर तैयार हो गया है। ठेकेदार का कुछ भुगतान अभी बाकी है। जिसे अगले सप्ताह तक होने की संभावना है। जैसे ही इमारत विभाग को सौंपी जाती है। जल्द आधिकारिक तौर पर उद्घाटन करवा कर इसे पंचायत के कार्यों के खोला दिया जाएगा। उम्मीद है कि अगले दो सप्ताह तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। इससे पंचायत के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेंगी।
सोनाली अरोड़ा, ब्लाक विकास अधिकारी मढ़ीन।