कठुआ। बर्फबारी का दौर थमने के बाद जिले का पर्यटन स्थल सरथल एक बार फिर कुदरती खूबसूरती से मालामाल हो गया है। बर्फ की सफेद चादर ओढ़ने के साथ ही यहां के नजारे देखते ही बनते हैं। इस सुंदर दृश्य ने न केवल पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित किया, बल्कि स्थानीय किसानों के चेहरों पर भी खुशी ला दी है, क्योंकि यह बर्फबारी कृषि के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी।
सरथल के बर्फ से ढके पहाड़, पेड़ और मकान एक जादुई दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं, जिसे देखने के लिए पर्यटक बड़ी उत्सुकता से आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह बर्फबारी आने वाली फसलों के लिए शुभ संकेत मानी जा रही है, क्योंकि इससे जमीन की उर्वरता में वृद्धि होगी और जलसंकट से भी निजात मिलेगी। दूसरी ओर, क्षेत्र में ठंड में वृद्धि हो गई है। लोग गर्म कपड़े पहनकर और अलाव सेंककर ठंड से बचने के उपाय अपना रहे हैं।