54 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण, निविदा प्रक्रिया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जानू स्थित हाईस्कूल के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। यहां तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके लिए, लोक निर्माण विभाग (सड़क एवं भवन) मंडल बसोहली ने लगभग 54 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह निर्माण कार्य समग्र शिक्षा अभियान वर्ष 2025-26 के तहत कराया जाएगा। परियोजना के पूरा होने के बाद विद्यालय में कक्षाओं की कमी दूर होगी और विद्यार्थियों को अधिक सुविधाजनक एवं बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। विद्यालय में नए कक्ष बनने से बढ़ती छात्र संख्या के अनुरूप बैठने की व्यवस्था मजबूत होगी। इसके साथ ही शिक्षण गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में भी सहायता मिलेगी। वर्तमान में कई सरकारी विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे में यह परियोजना विद्यार्थियों और शिक्षक दोनों के लिए लाभकारी साबित होगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य पूरा होने के बाद विद्यालय का बुनियादी ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा। छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अतिरिक्त कक्ष बनने से बच्चों की पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।