चोरी की जानकारी मिलने के बाद जांच करती पुलिस। संवाद
- फोटो : kathua
चोरों ने पुलिस चौकी के पास स्थित सीआरपीएफ जवान के घर को बनाया निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। चोरों ने खरकड़ा मोड़ पर पुलिस चौकी के पास स्थित सीआरपीएफ जवान के सूने पड़े घर से एक एयर कंडीशनर और मंदिर में रखी नकदी चोरी कर ली।
पीड़िता गृहस्वामिनी वंदना ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें उन्होंने बताया कि उनके पति सीआरपीएफ श्रीनगर में तैनात हैं। हाल के दिनों में हुई दुर्घटना में चोट लगने के कारण पिछले दिनों वह घर आए थे लेकिन पहलगाम में आतंकी हमले के बाद बदले हालात से उनकी छुट्टियां रद्द हो गईं थीं। इसलिए वह उन्हें सनूरा गांव में स्थित मायके में छोड़कर श्रीनगर चले गए। तब से वह अपने मायके में ही रह रहीं हैं।
उनके पड़ोसियों ने वीरवार को देखा कि पुलिस चौकी के पास स्थित घर में उनके बाथरूम का दरवाजा खुला था। इसे देखकर अंदाजा लगाया कि वह आ गई है लेकिन गेट पर लगे ताले को देखने के बाद उन्होंने फोन किया। तब उन्होंने पड़ोसियों को घर को ठीक से देखने के लिए कहा। जब लोगों ने देखा तो पाया कि घर के दरवाजे पर लगा ताला टूटा था। इसकी सूचना मिलने पर वह वीरवार शाम को ही घर लौट आई।
घर की हालत देखने के बाद उन्हें पता चल गया गया कि वहां चोरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि चोरी की इस घटना में एक एयर कंडीशनर और घर के मंदिर में रखा गुल्लक चोर ले गए है। गुल्लक में करीब सात हजार रुपये रहे होंगे। उन्होंने पुलिस चौकी के पास स्थित घर में चोरी पर आश्चर्य भी जताया है। उन्होंने पुलिस में इस घटना की शिकायत की है, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना भी किया है।