पेयजल की समस्या को लेकर एडीसी से मिला शिष्टमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। पेयजल की समस्या के समाधान की मांग को लेकर डडवाड़ा गांव की महिलाओं का शिष्टमंडल एडीसी विनय खोसला से शनिवार को उनके कार्यालय में मिला। इस मौके पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि लोअर भड्डू पंचायत के मोहल्ला फंगाल, मोहल्ला छलाड और मोहल्ला दरमन में लोग पेयजल की किल्लत से परेशान हैं।
महिलाओं ने जल शक्ति विभाग की ओर से तैनात किए गए अस्थायी कर्मचारी पर आरोप लगाया कि अस्थायी कर्मचारी की मनमानी की वजह से इन तीन मोहल्लों की 500 से अधिक आबादी पेयजल की किल्लत से परेशान है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जिस अस्थायी कर्मचारियों को उनके गांव में तैनात किया गया है, लेकिन वह सही ढंग से सेवाएं नहीं दे रहा है और मनमर्जी से पेयजल सप्लाई करता है। महिलाओं ने कहा कि पिछले 15 दिन से गांव में पेयजल सप्लाई प्रभावित है, जिसकी वजह से लोगों को गांव में लगभग डेढ़ से 2 किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। महिलाओं ने कहा की गर्मियों के मौसम का आगमन हो गया है और पानी की मांग और अधिक बढ़ रही है। पिछले कई दिनों से स्थानीय लोग निजी पानी की टैंकर मंगवा कर गुजारा करने को मजबूर हैं, जिससे लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
महिलाओं ने एडीसी से उनके गांव में तैनात अस्थायी कर्मचारी को ट्रांसफर कर अन्य कर्मचारियों को तैनात करने की मांग की है। एडीसी ने महिलाओं को आश्वासन दिया के जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। शिष्टमंडल में सोमा देवी, मखनी देवी, कोमल देवी, आरती देवी, राशीना अख्तर व शमशाद अख्तर मौजूद रहीं।
कोट
समस्या संज्ञान में आई है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
शिव दर्शन, एईई, जलशक्ति विभाग