संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ/हीरानगर। सत्ता के संचालन में कभी दो पावर सेंटर नहीं हो सकते हैं। लोगों की बेहतरी के लिए उम्मीद करता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ जो वादा किया है उसे वह निभाएंगे। यह बातें परिवहन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री सतीश शर्मा ने हीरानगर के दौरे के दौरान कहीं।
शनिवार को श्री अमरनाथ यात्रा 2025 की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, हीरानगर में सभी संबंधित विभागों के साथ बहु-विभागीय बैठक की। जिसमें यात्रा के लिए परिवहन, स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, भोजन, आश्रय व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा।
इसके अलावा मंत्री ने स्थानीय युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हॉकी क्लब हीरानगर द्वारा आयोजित हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल मैच में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने दोनों टीमों को एक-एक हॉकी किट देने की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों से खेलों में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। खेल मैदान के उन्नयन की मांग पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि खेल परिषद की टीम भेजकर मैदान की आवश्यकताओं का जायजा लिया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में विभिन्न जन प्रतिनिधिमंडलों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए नागरिकों को उत्तरदायी शासन प्रणाली का भरोसा दिलाया।