शहर के हटली मोड़ में ट्रैक्टर की बैटरी चोरी होने के बारे में जानकारी देते स्थानीय, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। गत रविवार की रात हटली मोड़ क्षेत्र में चोरी के प्रयास में असफल रहे चोरों ने मंगलवार रात को वहां खड़े ट्रैक्टर को निशाना बनाते हुए उसकी बैटरी उड़ा ली। स्थानीय लोगों ने पुलिस के सुरक्षा इंतजाम पर उंगली उठाते हुए चिंता जताई है।
घटना के शिकार बने ट्रैक्टर के मालिक अमन दीप सिंह ने बताया कि रोज की तरह उन्होंने अपने ट्रैक्टर (जेके08 एच-8161) मोहल्ले में खड़ा किया था। बुधवार की सुबह जब वह अपने ट्रैक्टर के पास गए, तो देखा कि बैटरी बॉक्स का ताला टूटा हुआ है, और बैटरी गायब है। वहीं, स्थानीय मंजीत सिंह जसरोटिया ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि सोमवार को इस इलाके में हुए चोरी के प्रयास के बारे में पुलिस को सूचित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई थी। उसके बावजूद पुलिस सतर्क नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र से सटा इलाका होने के कारण यहां देश के विभिन्न राज्यों से आकर लोग रह रहे हैं। जिनकी पुलिस जांच करे। क्योंकि, अभी तो छोटी घटनाएं हो रही हैं। अगर पुलिस इसी तरह सुस्त रही तो आने वाले दिनों में स्थानीय लोगों को बड़ा नुकसान हो सकता है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर हटली मोड़ पुलिस चौकी प्रभारी यशपाल शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। जल्द ही घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ लिया जाएगा।