क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक और उसे दुरूस्त करते रेलवे कर्मीसंवाद
कठुआ। जम्मू-कश्मीर का रेल नेटवर्क बाढ़ से चौपट हो गया है। जम्मू-पठानकोट रेल सेक्शन के बीच सबसे ज्यादा नुकसान रावी दरिया पर सामने आया है। जहां लखनपुर और माधोपुर के बीच दरिया पर पुल नंबर 17 में पिलर नंबर 10 खिसक चुका है। ऐसे में रेलवे ट्रैक भी एक मीटर तक खिसक गया है। इससे ट्रेनों का संचालन बुधवार से ही बंद है। रेलवे ने शुक्रवार को जहां कटरा और जम्मू से चलने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया था वहीं शनिवार को भी ट्रेनें नहीं चलेंगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, रेलवे जम्मू-पठानकोट के बीच पूर्व की ही तरह सिंगल ट्रैक पर ट्रेनें चलाने पर भी विचार कर रहा है। ऐसे में ट्रेनों के परिचालन की संख्या घटाकर रेल यातायात को बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
दअरसल, रावी दरिया की बाढ़ ने हाईवे के पुल के अलावा दरिया पर रेलवे के पुल को भी नुकसान पहुंचाया। हीरानगर और घगवाल के बीच पुल नंबर 137 में अप ट्रैक क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। हालांकि रेलवे अधिकारी सिंगल लेन ट्रैक को चलाने के लिए फिलहाल शुक्रवार को ब्लॉक क्लियर करने में जुटे रहे। रेल यातायात ठप होने से भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। हाईवे पर पहले ही वाहनों की सीमित संख्या में आमद हो रही है। ऐसे में लाखों लोग रेल यातायात के बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।