सड़क हादसे के आरोपी कंडक्टर की रिहाई की मांग को लेकर जम्मू-कठुआ रूट पर बस सेवा की हड़ताल के चौथे दिन यूनियन सदस्यों ने हाईवे पर हंगामा किया। बस अड्डे से कालीबड़ी चौक तक रोष मार्च निकालते हुए पहुंचे यूनियन सदस्यों ने दोनों तरफ का यातायात रोक दिया। करीब दो घंटे विरोध जताया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से हाईवे का यातायात बहाल किया गया। प्रदर्शनकारी पांच जनवरी को कालेज मार्ग पर हुए हादसे के मामले में गिरफ्तार किए गए बस कंडक्टर को रिहा करने की मांग कर रहे थे।
शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों को जैसे ही पता ला कि जेकेएसआरटीसी की बसें यात्रियों के लिए लगाई गई हैं, उन्होंने जगह-जगह बसें व अन्य यात्री वाहनों को रोक कर खाली करवाया। इस दौरान गिरफ्तार कंडक्टर के परिजनों सहित प्रदर्शनकारियों यूनियन सदस्यों ने जिला पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन किया। कालीबड़ी चौक पर पहुंच प्रदर्शनकारियों ने जम्मू पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए अवरूद्ध कर दिया।
सूचना मिलते ही कठुआ थाना प्रभारी सरबजीत सिंह, तहसीलदार अवतार सिंह व डीएसपी मुख्यालय भी मौके पर पहुंचे। जिन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाना चाहा, लेकिन प्रदर्शनकारी अपने साथ कंडक्टर की रिहाई की मांग को लेकर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कंडक्टर को रिहा किया जाए और चालक को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। बस के मालिक धर्मपाल ने कहा कि हादसे का दुख है लेकिन कंडक्टर को गिरफ्तार करना समझ से परे है। कहा कि वह खुद चालक को पुलिस के समक्ष पेश कर चुके हैं लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया।
करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग अवरूद्ध रहने के बाद अतिरिक्त जिला पुलिस प्रमुख खलील अहमद पोसवाल, डीएसपी डीएआर कुलजीत सिंह मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने प्रदर्शनकारियों को उचित आश्वासन देते हुए शांत करवाया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी राजमार्ग से हट गए। प्रदर्शनकारियों में काफी संख्या में बस-कंडक्टर यूनियन के सदस्यों सहित बस यूनियन के सदस्य भी शामिल थे।