कठुआ। निर्माणाधीन जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर खरोट मोड़ के पास से गुजर रहे एक ट्राले का टायर जमीन में धंस गया। इससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन कार्रवाई करते हुए ट्राले को निकलवाया, जिसके बाद हाइवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।
शनिवार शाम करीब 4 के बाद लखनपुर से जम्मू की ओर जा रही जा रहे ट्राले का पहिया निर्माणाधीन हाईवे पर अचानक धंस गया। इसके चलते यातायात बाधित हो गया। वहीं इस दौरान हाईवे के बाधित होने पर पीछे से आ रहे वाहनों ने हाईवे के दूसरे ट्यूब पर विपरीत दिशा से निकलने का प्रयास किया। इसके चलते थोड़ी ही देर में हाईवे की दोनों ट्यूबों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि हाईवे की बाधित होने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने क्रेन की मदद से जमीन में धंसे हुए ट्राले को निकालकर अन्य वाहनों के लिए रास्ता बनाया। इसके बाद हाईवे पर आवाजाही शुरू हो पाई।
हाइवे पर लगे इस जाम में फंसे मनीष कुमार ने बताया कि करीब एक घंटे तक लग रहे जाम के कारण हाईवे के दोनों छोर पर एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई थी। इसमें फंसे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी है।