हीरानगर। तेज आंधी ने बुधवार रात को कई जगह पर भारी तबाही मचाई। बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिरने से कई संपर्क मार्गों पर घंटों यातायात अवरुद्ध रहा और शाम तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही।
वहीं, छन्न दित्याल में आंधी शुरू होने पर घर की छत पर दरवाजा बंद करने गए एक व्यक्ति का दरवाजे में हाथ आने से गंभीर चोट आई। प्रेम कुमार दरवाजा बंद करने लगा तो तेज हवा से दरवाजा जोर से बंद हो गया, जिसके बीच उसका हाथ आ गया और एक उंगली कट गई। घर के लोगों ने उसे घायल अवस्था में चिकित्सालय पहुंचाया और इसके बाद उसे अमृतसर ले गए। इसी इलाके में करीब पांच घरों में मवेशियों के लिए बनाए तबले पर लगाई टिन की चादरें तिनके की तरह हवा में उड़ गई। पथवाल में एक वृक्ष जड़ से उखड़ कर दयाला चक हीरानगर सड़क पर गिर गया। हाईवे पर रसाना मोड़ के पास एक ढाबे का शेड हाईवे पर आ गिरा, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों को रोकना पड़ा। संवाद