क्षेत्र के अप्पर धार डूगनु पंचायत के वार्ड नंबर चार में लगभग पांच सौ से अधिक की आबादी अब भी सड़क संपर्क की सुविधा से वंचित है, जिसके चलते स्थानीय लोगों को भीषण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि चार दिन पहले गांव की एक महिला बीमार हो गई, जिसे लोग पालकी में बिठाकर सड़क तक ले गए उसके बाद उसे निजी वाहन से अस्पताल ले जाया जा सका।
पंचायत क्षेत्र के बिट्टू राम, करनैल सिंह, मस्तराम, पवन कुमार और छतरो राम ने बताया कि चार दिन पहले गांव की एक महिला गंभीर रूप से बीमार हो गई थी। सड़क नहीं होने के कारण गांव के लोगों ने महिला को पालकी में बिठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद निजी वाहन से उन्हें उप-जिला अस्पताल बिलावर ले जाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जगना से फाकुडी तक सड़क निर्माण की मांग कई बार प्रशाासन सहित सरकार से की लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। सड़क नहीं होने के कारण खाद्य और निर्माण सामग्री घोड़े और खच्चरों से गांव तक पहुंचाई जाती है। इससे उन्हें ज्यादा दाम चुकाने पड़ते हैं और आर्थिक बोझ बढ़ता है। इसके अलावा वार्ड के कई विद्यार्थी लगभग एक किलोमीटर कच्चे ढक्की वाले रास्ते से पैदल स्कूल और कॉलेज जाते हैं, जिससे उनका समय बर्बाद होता है।
ग्रामीणों की समस्या संज्ञान में आई है। सड़क का निर्माण कराने के लिए जल्द डीपीआर बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। - जमीर हुसैन, अधिशासी अभियंता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बिलावर।