जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही सातवीं पुलिस मार्टियर्स मेमोरियल नार्थ जोन टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप के तहत रविवार को दो मैच खेले गए। इसमें कोहली क्रिकेट क्लब कठुआ व रोड़ सेफ्टी इलेवन कश्मीर की टीमों ने अपने-अपने मैच जीते। दिन का पहला मैच बालाजी क्रिकेट क्लब कुरुक्षेत्र व कोहली क्रिकेट क्लब कश्मीर के बीच खेला गया। इसमें बालाजी क्रिकेट क्लब कुरुक्षेत्र की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 141 रनों का स्कोर खड़ा किया, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोहली क्रिकेट क्लब की टीम के खिलाड़ियों ने लक्ष्य को 15.2 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस तरह से कोहली क्रिकेट क्लब की टीम ने नौ विकेट से मैच जीत लिया।
इसमें कोहली क्रिकेट क्लब के गौरव तोमर ने 53 गेंदों में जुटाए गए 102 रनों को ध्यान में रखते हुए उन्हें मैन आफ मैच घोषित किया गया, जिन्हें प्रतियोगिता कमेटी द्वारा कैश व ट्राफी भेंट कर सम्मानित किया। दिन का दूसरा मैच विद्या जैन एकेडमी दिल्ली व रोड सेफ्टी इलेवन कश्मीर के बीच खेला गया, जिसमें विद्या जैन एकेडमी दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 144 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोड़ सेफ्टी इलेवन कश्मीर की टीम ने मात्र 16.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर बड़ी आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। कश्मीर की ओर से मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले नजीर को मैन आफ द मैच घोषित किया गया।