जम्मू और कश्मीर के बीच हाईवे बहाल होने से जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही अचानक बढ़ गई है। इसके चलते क्षतिग्रस्त पुलों के पास डायवर्जन पर उचित ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने से रोजाना जाम लग रहा है। इससे सार्वजनिक वाहनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
त्योहारी सीजन और नवरात्र के चलते मंगलवार को कश्मीर से आने वाले सेब से भरे ट्रकों से लोगेट मोड़ पर लंबा जाम लग गया। लगभग डेढ़ घंटे तक लगे जाम में जम्मू और पठानकोट के मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस भी फंस गई। यातायात विभाग के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आवागमन को सुचारु कराया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जाम में फंसे प्रदीप शर्मा ने बताया कि जब ट्रैफिक विभाग को पता है कि लखनपुर से राजबाग तक रावी पुल, सहार खड्ड पुल और बरनोटी स्थित हाईवे विस्तारीकरण के चलते जगह ट्रैफिक डायवर्जन किया हुआ है। इन जगहों पर ट्रैफिक विभाग को प्राप्त मात्रा में पुलिसकर्मी तैनात कर यातायात को सुचारु बनाना चाहिए, लेकिन संबंधित विभाग के अनुपस्थित रहने के चलते लखनपुर, लोगेट मोड़ और राजबाग में लंबा-लंबा जाम लग रहा है।