कठुआ। रंजीत सागर झील और शाहपुर कंडी बांध से बड़े पैमाने पर छोड़ा गया रावी दरिया का पानी लखनपुर में आफत बनकर घुस गया। पंजाब की यूबीडीसी नहर के लिए माधोपुर बैराज तैयार किया गया है, जिसके गेट जाम हो गए। केवल सात गेट ही बाढ़ के दौरान खुल पाए। ऐसे में बाढ़ का पानी एक ओर जहां पंजाब में नहर की तरफ ओवरफ्लो कर गया वहीं दूसरी ओर लखनपुर के रिहायशी इलाकों में बढ़ गया।
पंजाब और जम्मू कश्मीर की सीमा पर माधोपुर बैराज से रावी दरिया की जलधारा को निचले इलाकों के लिए नियंत्रित किया जाता है। मंगलवार को बाढ़ आने के बाद बमुश्किल सात गेट ही खुल पाए। बताया जा रहा है कि बैराज के कई गेट जाम हो गए और पानी गेट के ऊपर से बहता रहा। ऐसे में बुधवार को फिर से गेट खोले जाने के प्रयास के बीच दो गेट टूटकर ही निकल गए। फिलहाल रावी दरिया में जलस्तर घटने का इंतजार किया जा रहा है।