तहसील के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी
रामकोट। जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की कामछोड़ हड़ताल लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। इसके चलते तहसील के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
पंचायत रामपुर के पूर्व सरपंच प्रदीप सिंह ने बताया कि पंचायत के वार्ड एक, दो और चार में ही जल शक्ति विभाग की पेयजल आपूर्ति मंगलवार को हो पाई है। शेष आठ वार्डों से लोग पीने के पानी के लिए प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोकर गुजारा कर रहे हैं। आमुआला पंचायत से मनोहर लाल गुप्ता ने बताया कि इलाके में सोमवार और मंगलवार दोनों दिन पानी आपूर्ति विभाग की ओर से की गई है। वहीं पंचायत काह के पूर्व सरपंच दिनेश खजूरिया ने बताया कि मंगलवार को पांचवें दिन इलाके में 15 से 20 मिनट पानी आपूर्ति हुई, जिससे लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। सरकार को इसका संज्ञान लेना चाहिए और जल्द अस्थायी कर्मचारियों की मांगों को पूरा करना चाहिए।
तहसील के थड़ा कलवाल में भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पंचायत के पूर्व सरपंच आनंद किशोर ने कहा कि सरकार जल्द डेलीवेजरों के हित में कोई कदम उठाए अन्यथा लोग पीने के पानी के लिए इसी प्रकार परेशान होते रहेंगे। पंचायत कंधारनू से सेवानिवृत्ति रेंज अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि पानी आपूर्ति लगातार बंद है जिससे लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं।