सब-डिवीजन बनी की नौ पंचायतों का पिछले 30 दिनों से सड़क संपर्क बहाल नहीं हो पाया है। भारी बारिश के कारण इन क्षेत्रों की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं थीं। बनी–बसोहली मुख्य सड़क जो जिला मुख्यालय से जुड़ी है विभाग ने कड़ी मशक्कत कर बीस दिनों बाद बहाल कर दी, लेकिन नौ पंचायतों के लिंक मार्ग अभी भी दुरुस्त नहीं हो पाए हैं। इससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
करीब 15 हजार से अधिक की आबादी बनी–भंडार सड़क पर निर्भर है, लेकिन यह मार्ग पिछले 30 दिनों से बंद है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर आवाजाही के लायक नहीं बचा। इसी तरह बनी–डगर मार्ग डग्गर से धमान पंचायत तक बंद पड़ा है। वहीं हंसा–भुलाड़ी सड़क पर भी यातायात पूरी तरह बाधित है।
भंडार निवासी तिलक राज ने बताया कि सड़क बंद होने से सबसे ज्यादा प्रभावित यहां की करीब 15 हजार से अधिक आबादी है। लोगों को रोजमर्रा की ज़रूरतों से लेकर आपातकालीन हालात तक बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या तब होती है जब इमरजेंसी आती है। वहीं, धमान निवासी मोहम्मद रफीक ने कहा कि स्कूली बच्चों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ता है। खराब रास्तों के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता मोहम्मद सलीम ने बताया कि तीनों प्रमुख सड़कों को बहाल करना विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। कई स्थानों पर विशाल चट्टानें रास्ता अवरुद्ध कर रही हैं, जिन्हें हटाने के लिए ब्लास्टिंग आवश्यक है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है और अनुमति मिलते ही ब्लास्टिंग कर नई सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बनी–भंडार मार्ग पर नए हिस्से का निर्माण करना पड़ेगा, जिसके लिए ब्लास्टिंग जरूरी है। वहीं धमान पंचायत और हंसा–भुलड़ी मार्ग पर गिरे बड़े पत्थरों को भी इसी प्रक्रिया से हटाया जाएगा। अनुमति मिलते ही कार्य शुरू कर प्रभावित पंचायतों को जल्द सड़क संपर्क से जोड़ दिया जाएगा।