कठुआ। सहायक आयुक्त विकास (एडीसी) कठुआ अखिल सडोत्रा ने शुक्रवार को जिले में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।
सडोत्रा ने पंचायत कठुआ के साथ ब्लॉक बनी के अस्सो, लोआंग और संदरूण में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। एडीसी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। इसलिए प्रत्येक कार्य पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ होना चाहिए ताकि आम जनता को इन योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। स्थानीय लोगों ने भी अधिकारियों के दौरे का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इस निरीक्षण से विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता में और सुधार होगा।
इस निरीक्षण के दौरान ब्लॉक विकास अधिकारी बनी हितेश कुमार लूना, पंचायत सचिव तथा ग्राम रोजगार सेवक भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे और पूर्ण हो चुके कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।