कठुआ। राजस्थान के उदयपुर में हुई घटना के विरोध में हिंदू संगठनों का गुस्सा थम नहीं रहा है। शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता ने शहीदी चौक में जोरदार नारेबाजी करते हुए आतंकवाद और राजस्थान सरकार का पुतला जलाते हुए आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे विहिप प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह पठानिया ने कहा कि कन्हैयालाल की हत्या मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने घटना के लिए राजस्थान सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वोट के लिए जिहादी मानसिकता रखने वालों का संरक्षण दिया जा रहा है। यह देश की एकता, अखंडता और शांति व्यवस्था के लिए बढ़ा खतरा है। कन्हैयालाल के हत्यारों को एक माह के भीतर ऐसी कड़ी सजा दी जाए जो कि मिसाल बने, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा अपराध करने से पहले सौ बार सोचे। वहीं रमेश भारती ने कहा कि उदयपुर की घटना सोची समझी साजिश का हिस्सा है। हिंदुओं में खौफ पैदा करने के मकसद से तालिबानी मानसिकता के लोगों ने अंजाम दिया है। कश्मीर की तरह ही देश के अन्य हिस्सों में आतंक का राज कायम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने देश के हिंदुओं को एकजुट होकर कट्टपंथियों को मुंहतोड़ जवाब देने की अपील की। इस मौके पर मनोहर सिंह, रमण कांत, अजय कुमार, राजन बजरंगी, रवि कुमार, शिव कुमार आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।