बिलावर में बैठक के दौरान निर्देश देते डीआईजी सांबा कठुआ जम्मू रेंज शिव कुमार शर्मा। स्रोत: पुल
- जॉइंट सिक्योरिटी रिव्यू और ऑपरेशनल तैयारियों की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ/बिलावर। बिलावर में डीआईजी जम्मू-कठुआ-सांबा रेंज शिव कुमार शर्मा ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा और ऑपरेशनल तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने ह्यूमन इंटेलिजेंस को बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य और देशविरोधी तत्वों की गतिविधियों को विफल करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने अपनी चुनौतियां और ऑपरेशन्स के दौरान सामने आई कठिनाइयों को साझा किया। डीआईजी शर्मा ने सभी सुरक्षा बलों और सिविल एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करने और ऑपरेशनल तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरस्थ इलाकों में तैनात बलों और नए शिविरों के लिए बेहतर सड़कों, बिजली, और पानी जैसी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।
डीआईजी ने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस, सेना या एसओजी शिविरों को दें। साथ ही अफवाहों और झूठी खबरों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस बैठक में एडीसी बिलावर विनय खोसला, एसपी ऑप्रेशन्स बिलावर आमिर, एसडीपीओ बिलावर नीरज पडयार, थाना प्रभारी बिलावर जहीर मन्हास के साथ सेना, सीआरपीएफ, खुफिया एजेंसियों और सिविल विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।