संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नियमित किए जाने की मांग को लेकर जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारी वीरवार को जम्मू बीसी रोड स्थित पुराने मुख्य अभियंता कार्यालय के समक्ष अपनी मांगों को लेकर बुलंद करेंगे। जिसमें संभाग भर से आए अस्थायी कर्मचारी सरकार से उन्हें नियमित किए जाने की मांग करेंगे।
बुधवार को इसी के चलते कठुआ में जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की बैठक का आयोजन किया गया। जिला प्रधान गगनदीप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान ज्यादा से ज्यादा संख्या में अस्थायी कर्मचारियों को इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए चर्चा की गई। इस मौके पर जिला प्रधान ने बताया कि जल शक्ति विभाग में सेवा देने वाले हजारों कर्मचारी का दशकों से विभाग में सिर्फ दोहन किया जा रहा है। क्योंकि बार-बार मांग किए जाने के बावजूद इन कर्मचारियों को देने के लिए ना तो समय पर सरकार के पास वेतन उपलब्ध होता है और न ही उन्हें नियमित करने के लिए कोई योजना बनाई जा रही है। जिसके कारण हजारों की संख्या में अस्थायी कर्मचारियों के भविष्य अंधकारमय बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर से अगल हुए केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में हाल के दिनों में विभाग के अस्थायी कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। लेकिन जम्मू संभाग उन्हें इसका भी लाभ नहीं मिला है। अब जम्मू-कश्मीर में नई सरकार के आने के बाद उन्होंने अपनी आवाज को फिर बुलंद करने का फैसला किया है। ताकि दशकों की सेवा के बावजूद आज तक उन्हें जो लाभ नहीं मिले हैं उन्हें हासिल किया जा सके।
बैठक में नरेश सिंह, पवन शर्मा, राकेश शर्मा, सुनील वर्मा, पवन सिंह, प्रेम स्वरूप, नरेंद्र सिंह, सुरिंदर सिंह, मंगल दास, केवल सिंह, हीरा सिंह आदि अस्थायी कर्मचारी भी मौजूद रहे।