कोरोना महामारी के कारण प्रभावित रहे शिक्षण सत्र में जम्मू विश्वविद्यालय द्वारा पांचवें और छठे सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित नहीं किए जाने का कठुआ डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों कड़ा विरोध किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की इस नीति के कारण पोस्ट ग्रेजुएट के लिए आवेदन नहीं कर पाने से नाराज सैकड़ों विद्यार्थियों ने बुधवार को कॉलेज रोड जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह से बंद रहा। हालांकि मौके पर पहुंचे भाना प्रभारी विजय कुमार शर्मा प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों को शांत करवाकर सड़क से हटाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रदर्शनकारी छात्रों का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता क़णाल सिंह पठानिया ने कहा कि अभी तक पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं नहीं हुई हैं। इससे उन्हें फाइनल डिग्री भी समय पर नहीं मिलेगी और पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री के लिए इस वर्ष किसी भी संस्थान में दाखिला नहीं मिल पाएगा। जम्मू विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के भविष्य को खराब करने पर तुला हुआ है। समय से डिग्री न हासिल कर पाने की स्थिति में वह मास्टर डिग्री के लिए कहीं भी दाखिला नहीं ले पाएंगे। इससे एक साल बरबाद हो जाएगा। छात्रों ने कहा कि वे पांचवें और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं एक साथ देने को तैयार हैं। लेकिन जम्मू विश्वविद्यालय की ओर से कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया है।
छात्रा तानिया ने कहा कि विश्वविद्यालय ने पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित नहीं की और परिणाम भी घोषित नहीं किया। इससे काफी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं, जो छठा सेमेस्टर उत्तीर्ण कर चुके हैं, मगर पांचवें सेमेस्टर का परिणाम घोषित न होने के कारण पोस्ट ग्रेजुएट के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे। प्रदर्शन में यशवर्धन सिंह, अभिषेक पावरा, अनिकेत शर्मा, आदित्य जसरोटिया, सोनिया, शिल्पा शर्मा, करण कलोत्रा, आकाश महाजन, रोहित सुम्बड़िया राजन शर्मा आदि उपस्थित रहे।