संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। समय पर बस सेवा उपलब्ध न होने के विरोध में बनी-डग्गर सड़क पर तरनाली के पास छात्रों ने मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि एक तो बसें कम हैं। ऊपर से मिनी बसों में हमलोगों को जगह नहीं मिलती है। ऐसे में नाराज छात्रों ने सड़क पर पत्थर लगाकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। इसके चलते करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि क्षेत्र में चलने वाली मिनी बसें निर्धारित समय पर नहीं पहुंचतीं। वहीं, आने वाली बसें पहले से ही भरी रहती हैं। ऐसे में छात्रों में बस में नहीं बैठाया जाता है। छात्रों ने कहा कि यह समस्या रोजाना देखने को मिलती हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सब इंस्पेक्टर मोहसिन अली के नेतृत्व में पुलिस ने छात्रों को समझाया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि वे समय पर बस सेवा संचालित करें तथा ओवरलोडिंग से बचें। प्रत्येक स्टॉप पर छात्रों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। पुलिस और प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने सड़क से पत्थर हटाए। इसके बाद यातायात बहाल किया गया। लोगों ने भी क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त बस सेवा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है ताकि स्कूली बच्चों को भविष्य में ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।