कठुआ। बनी और बिलावर के इलाकों में 11वीं कक्षा की होने वाली परीक्षा में मौसम बड़ी बाधा बना। बिलावर के बेरिल में तीन विद्यार्थी परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पाए। उफनते दरिया ने उनके कदम रोक दिए। उधर, सुबह से जारी मूसलाधार के चलते बनी सब डिवीजन में भी यही हालात रहे। यहां सड़क संपर्क भंग हो जाने से बच्चे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में असमर्थ रहे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मंगत राम शर्मा ने बताया कि सरकार ने हार्ड जोन के स्कूलाें की परीक्षा स्थगित करने का आदेश जारी किया है लेकिन कठुआ सॉफ्टजोन में आता है। बेरिल के क्षेत्र में बच्चों के परीक्षा केंद्र तक न पहुंच पाने की जानकारी मिली थी जिसके बाद मामला निदेशक और परीक्षा नियंत्रक के संज्ञान में भी लाया गया। सुबह ही स्कूल अध्यापकों के माध्यम से यह सूचना बच्चों तक पहुंचा दी गई कि जो बच्चे परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सकते हैं वो घरों से न निकलें। इनकी परीक्षा करवाए जाने को लेकर उच्च अधिकारियों ने आश्वासन दिया है।
उधर, शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक स्टाफ और विद्यार्थियों को कुछ जगह पहुंचने में देरी हुई लेकिन परीक्षा करवाई गई है। ज्यादातर केंद्रों में बच्चे पहुंच गए थे।